आगरा (7 अगस्त) :टीम इंडिया के वन डे और टी-20 फॉर्मेट के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों ताजनगरी में हैं। धोनी बुधवार को आगरा पहुंचे और अगले 15 दिन तक यहीं रहेंगे। लेकिन यहां धोनी क्रिकेटर की भूमिका में नहीं आसमान में गोते लगाते नज़र आएंगे।
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद धोनी फुर्सत के लम्हों का जमकर लुत्फ़ उठा रहे हैं। वे काफ़ी वक्त अपने परिवार को देने के साथ अपने शौक पूरे करने में लगा रहे हैं। सब जानते हैं धोनी को बाइक चलाना बहुत पसंद हैं। लेकिन आगरा में धोनी पैरा जंपिंग की बारीकियो को सीखेंगे। धोनी यहां दो हफ़्तों तक चलने वाली पैरा जंपिंग की वर्कशॉप में शामिल होंगे।
धोनी भारतीय सेना के पैरा रेज़ीमेंट (टेरेटोरियल आर्मी) में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। धोनी आगरा में एएन-32 विमान से पैराशूट से जंप लगाएंगे। धोनी का गुरुवार को पैरा बिग्रेड में मेडिकल टेस्ट हुआ। आपको बता दें कि भारतीय कप्तान को मैरून कैप मिली हुई है, जिसके चलते पैरा जंपिंग की ट्रेनिंग लेनी जरूरी है।
लेफ्टिनेंट कर्नल बनने के बाद धोनी ने अभी तक यह ट्रेनिंग नहीं ली है। अब जब वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं तो उनके पास इस ट्रेनिंग के लिए वक़्त है। सात दिनों की ट्रेनिंग के बाद पैरा जंपिंग के लिए उन्हें शारीरिक व मानसिक तौर पर तैयार किया जाएगा। अगर धोनी टेस्ट में सफल हुए तो फिर 8वें दिन विमान से वे छलांग लगाएंगे।
0 comments:
Post a Comment