Thursday, 30 July 2015

खुशखबरी! इतने कम हो सकते हैं पेट्रोल और डीजल के दाम

नई दिल्‍ली (30 जुलाई): चीन में आर्थिक सुस्ती और ईरान से सप्‍लाई बढ़ने के कारण कच्‍चे तेल के दामों में 15 फीसदी से ज्यादा आई गिरावट के कारण आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 1 से 1.5 रुपए प्रति लीटर की कमी हो सकती है।
एक जुलाई को नायमैक्स पर डब्ल्यूटीआई क्रूड 57.37 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था। वहीं फिलहाल यह 49 डॉलर प्रति बैरल के के आसपास कारोबार कर रहा है। यानी इस महीने डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमत 15 फीसदी से ज्यादा फिसल चुकी हैं। वहीं ब्रेंट क्रूड की कीमतें इस दौरान 15 फीसदी गिरकर 53 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई हैं। घरेलू बाजार में क्रूड 3100 रुपए प्रति बैरल के आसपास हैं।
ओपेक वर्तमान में मांग के मुकाबले रोजाना 30 लाख बैरल ज्यादा क्रूड का उत्पादन कर रहा है। दूसरी तिमाही के दौरान ओपेक ने रोजाना 312.5 लाख बैरल क्रूड उत्पादन किया है, जबकि मांग 282.6 लाख बैरल की है। ओपेक ने 300 लाख बैरल रोजाना उत्पादन का लक्ष्य रखा था। वहीं ईरान और छह वैश्विक शक्तियों के बीच हुए परमाणु समझौते के बाद क्रूड की सप्लाई बढ़ने का डर है। ईरान पर लगे प्रतिबंधों को धीरे-धीरे हटा लिया जाएगा, जिसके बाद क्रूड की सप्लाई 2016 के मध्य में शुरू होने की संभावना है। ईरान फिलहाल 11 लाख बैरल रोजाना क्रूड का निर्यात करता है। लेकिन प्रतिबंध हटने के बाद इसमें 10 लाख बैरल रोजाना बढ़ोत्तरी का अनुमान है।

0 comments:

Post a Comment