मुंबई। महाराष्ट्र के थाणे जिले के नालासोपारा में रहने वाली 11 साल की लड़की को जब शिक्षक ने सेक्स एजुकेशन के बारे में पढ़ाया, तब उसे पता चला कि उसके साथ दो बार दुष्कर्म हुआ है। पुलिस सब इंस्पेक्टर एसबी कांबले ने बताया कि लड़की के माता-पिता ने अलग होने के बाद उसे छोड़ दिया था।
कांबले ने बताया कि लड़की अपनी एक आंटी के साथ नालासोपारा में रह रही थी। पुलिस में की गई शिकायत में कहा गया है कि दो साल पहले लड़की को एक आरोपी अपने कमरे में ले गया और कथिततौर पर उससे दुष्कर्म किया। हालांकि, सेक्स एजुकेशन की क्लास में जाने से पहले लड़की को कभी नहीं पता चला था कि उसके साथ क्या हुआ था।
लड़की ने अपने शिक्षक को जब पूरी कहानी बताई, तो शिक्षक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि आरोपी लड़की का करीबी रिश्तेदार है। उसके खिलाफ पास्को कानून की धारा 11 के अलावा आईपीसी की धारा 376 और धारा 3 (ए), धारा चार और धारा 9(ए)(1) लगाई हैं।
एक आरोपी की पहचान दिलीप सिंगारे (31) के रूप में की गई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, दूसरा आरोपी महेश अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि यदि लड़की को सेक्स एजुकेशन के बारे में नहीं बताया जाता, तो लड़की को कभी शिकायत दर्ज कराने का मौका नहीं मिलता।
0 comments:
Post a Comment