गुड़गांव। शहर में चालक की नौकरी करने वाली महिला से खेतों में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात महिला के साथ दुष्कर्म की यह वारदात तब हुई जब वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थी। सामूहिक दुष्कर्म का आरोप ऑटो चालक व उसमें सवार तीन अन्य लोगों पर है।
महिला की शिकायत पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ बादशाहपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है। खेड़की दौला टोल के पास हाईवे किनारे बसे एक गांव में महिला किराये पर रहती है। महिला सोहना रोड स्थित एक पॉश सोसायटी में चालक की नौकरी करती है। यहां पर वह अपने मालिक की कार चलाती है।
बुधवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे ड्यूटी खत्म कर घर जाने के दौरान उसने राजीव चौक से मानेसर की ओर जाने वाला एक ऑटो पकड़ा। ऑटो में चालक के अलावा तीन अन्य लोग भी सवार थे।
हीरो होंडा चौक से आगे हल्दीराम के पास पहुंचने पर चालक ने खेतों की ओर ऑटो ले लिया। महिला के विरोध करने पर उसे जान से माने की धमकी देकर ऑटो चलाता रहा। इसके बाद खेतों में ऑटो खड़ा कर चारों ने महिला से दुष्कर्म किया फिर मौके से फरार हो गए।
देर रात किसी तरह महिला घर पहुंची और बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराने के बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करा दिए हैं।
0 comments:
Post a Comment