Monday, 6 July 2015

दो पुलिस अफसर सस्पेंड, महिला से रेप की कोशिश और जलाने का आरोप

लखनऊ (6 जुलाई) :उत्तर पुलिस के दो अधिकारियों को सोमवार को निलंबित कर दिया गया। दोनों पर एक महिला ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पुलिस स्टेशन में पहले उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की और इसमें नाकाम रहने के बाद उसे आग लगा दी।
40 वर्षीय महिला को बुरी तरह जली हालत में लखनऊ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला का कहना है कि वो रविवार को बाराबंकी ज़िले के एक पुलिस स्टेशन पर एसएचओ राय साहब यादव और सब इंस्पेक्टर अखिलेश से मिली थी। महिला के मुताबिक वो अपने पति के बारे मे पूछने गई थी जिसे कि हिरासत में लिया गया था।
महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को बताया कि जब उसने राय साहब यादव और अखिलेश से अपने पति के निर्दोष होने की गुहार लगाई तो उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। महिला के मुताबिक जब उसने शोर मचाया तो उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी गई।
महिला को उसके बेटे ने बचाया और अस्पताल ले गया।
लखनऊ आईजी पुलिस ज़की अहमद ने दोनों पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि महिला के आरोपों की जांच कराई जा रही है।

0 comments:

Post a Comment