शाहजहांपुर। कथावाचक आसाराम छेड़छाड़ मामले के मुख्य गवाह कृपाल सिंह को अज्ञात बदमाशों ने शुक्रवार देर शाम गोली मार दी। जिला अस्पताल से गंभीर हालत में उन्हें बरेली के मिशन रेफर कर दिया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। वारदात के पीछे आसाराम के गुर्गों का हाथ बताया जा रहा है।
सदर बाजार क्षेत्र के गदियाना निवासी कृपाल आसाराम प्रकरण के मुख्य गवाह हैं। शुक्रवार रात करीब आठ बजे बाइक से कुछ सामान खरीदने बाजार गए थे। पुवायां रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली पीठ में लगने से वह वहीं गिर गए और आरोपी फरार हो गए। लोगों ने कृपाल को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि रीढ़ की हड्डी पर गोली लगने से कृपाल के दोनों पैरों ने काम करना बंद कर दिया है। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया है।
सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी बबलू कुमार भी आ गए। एसपी ने बताया कि हमलावर को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही हमलावर पुलिस गिरफ्त में होंगे। आसाराम प्रकरण में वादी पीड़िता के पिता ने वारदात के पीछे आसाराम के गुर्गों की करतूत बताई है।
गौरतलब है कि आसाराम और उनके पुत्र नारायण साईं के मामलों से जुड़े नौ लोगों पर हमले हो चुके हैं। इनमें दो लोगों की मौत भी हो चुकी है।
0 comments:
Post a Comment