Wednesday 19 August 2015
रोड रेज : स्कूटी सवार महिलाओं ने कार वाले की आधा घंटा की धुनाई
नई दिल्ली (19 अगस्त):रविवार की रात दिल्ली में गुड़गांव से लौट रहे 51 वर्षीय रामभरोसे को पता नहीं होगा कि वो एक ऐसी स्थिति में पड़ जाएंगे कि एक छोटे से आरोप में उनके महिलाओं से पिटने की नौबत आ जाएगी। साथ ही उनके खिलाफ तेज़ रफ्तार से गाड़ी चलाने का केस भी दर्ज हो जाएगा।
'द मेल ऑनलाइन' की रिपोर्ट के मुताबिक राम भरोसे ने बताया कि " मैं गुड़गांव से अपनी हांडा सिटी सेडान कार से अपने बॉस की बेटी को छोड़कर वापस लौट रहा था। रविवार देर रात करीब 12 बजकर 5 मिनट पर दिल्ली के शंकर रोड के आसपास पहुंचा। इसी बीच स्कूटी पर सवार दो महिलाओं ने अचानक से मोड़ लिया। मोड़ लेते समय स्कूटी कार से रगड़ गई और वे दोनों गिर पड़ीं। इससे पहले कि मैं कुछ कर पाता उनमे से एक महिला ने कार की विंडो पर हमला करना शुरु कर दिया। दूसरी महिला सड़क पर लोगों को मदद के लिए ढूंढ़ने लगी। थोड़ी ही देर में स्कूटी चलाने वाली महिला की मां भी ऑटो से वहां पहुंच गई।"
राम भरोसे के मुताबिक इन सभी महिलाओं ने मिलकर आधे घंटे तक रामभरोसे की पिटाई की। यहां तक कि राम भरोसे का पिटाई से खून निकलना भी शुरू हो गया।
रामभरोसे ने बताया कि इसके बाद दो बाइकसवार लोगों ने आकर उसे बचाने की कोशिश की लेकिन महिलाओं ने बेरहमी से उन्हें पीछे धकेल दिया। इसके बाद इन युवकों ने पुलिस को मदद के लिए बुलाया।
राम भरोसे का कहना है कि स्कूटी पर सवार दोनों महिलाओं ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था और ना ही उनके पास स्कूटी के सही दस्तावेज थे।
भरोसे ने बताया कि पुलिस के आने के बाद उनके सामने ही एक महिला ने उन्हें थप्पड़ मारा और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को पहले यही लगा कि राम भरोसे ने तीन महिलाओं की पिटाई की है। लेकिन जब मौके पर पुलिस पहुंची तो उसने राम भरोसे का खून निकलते हुए पाया।
पुलिस ने बताया इस घटना को लेकर मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में 2 केस दर्ज किए हैं। रामभरोसे पर रैश ड्राइविंग के लिए धारा 179 और 337 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ धारा 323, 341 और 334 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने घटना के बाद राम भरोसे को गिरफ्तार कर लिया लेकिन महिलाओं के ख़िलाफ़ तत्काला कोई कार्रवाई नहीं की।
सूत्रों के मुताबिक जब महिलाएं राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंची तो भी उनका रवैया आक्रामक था। डॉक्टरों का कहना है कि भरोसे के सिर और नाक पर चोट आई हैं लेकिन महिलाओं को किसी तरह की चोट नहीं आई। डॉक्टरों के सामने भी महिलाओं ने राम भरोसे को धमकाया।
अक्षय ने भरे इवेंट में सासु मां के साथ ये क्या कर दिया
मुंबई। मंगलवार को एक्ट्रेस ट्विंकल खन्ना ने अपनी पहली किताब 'मिसेज फनीबोन्स' मुंबई के एक होटल में लॉन्च की। इस मौके पर कई फिल्मी हस्तियां भी मौजूद रहीं। यहां पर आमिर खान, प्रोड्यूसर करण जौहर, ट्विंकल के हसबैंड अक्षय कुमार और मां डिंपल कपाड़िया भी नजर आईं। Watch: "Singh Is Bling" का ट्रेलर हुआ रिलीज रितिक रोशन की एक्स-वाइफ सुजैन खान, जया बच्चन, सोनाली बेंद्रे, गायत्री, अबु जानी, संदीप खोसला, रिंकी खन्ना समेत कई हस्तियां यहां थीं। ट्विंकल की इस किताब में कई मजेदार किस्से हैं। और किताब की ही तरह यह बुक लॉन्च भी काफी मजेदार रहा। इवेंट का सबसे ज्यादा मजे तब आए जब अक्षय कुमार ने अपनी सास डिंपल कपाडिया का मुंह बंद कर दिया। डिंपल कपाड़िया यहां खूब बातें कर रही थीं। वो अक्षय-ट्विंकल के मजेदार किस्से भी सुना रही थीं। डिंपल ने बताया कि अक्षय-टि्वंकल की शादी के बाद एक दिन वे उनके घर गईं। जहां तीनों ने साथ बैठकर खिचड़ी खाई। खाने के बाद अक्षय ने सोडा मांगा। यह देख ट्विंकल गुनगुनाने लगी 'जब पेट बिगड़ा जाए, अक्षय सोड़ा पाए। हवा इधर से हवा उधर से, कहे घबराए....'। डिंपल ने स्टेज पर जब गाते हुए और नाचते हुए यह किस्सा सबको सुनाया तो अक्षय का चेहरा देखने लायक था। उनका यह अंदाज देख सभी हंस पड़े। आखिर अक्षय उठे और उन्हें डिंपल का मुंह बंद करना पड़ा।
अपनी पहली फिल्म के लिए 'डीजे' भी बन गए कपिल
दो साल से कपिल शर्मा टीवी पर धूम मचा रहे हैं, लेकिन अब बारी है उनकी बड़े परदे पर आने की। अगले महीने उनकी पहली फिल्म 'किस किसको प्यार करूं' रिलीज हो रही है और खबर है कि वे इस फिल्म के एक गाने में डीजे बने नजर आएंगे।
इन दिनों एक्टर इस गाने की शूटिंग कर रहे हैं जिसका नाम है 'डीजे बजेगा तो पप्पू नाचेगा'। कपिल का कहना है कि यह गाना ऊर्जा से भरपूर है। उन्होंने इस शूट के बारे में अपने फॉलोअर्स से टि्वटर पर भी बात की थी।
कहा जा रहा है कि कपिल इस सुपरफन ट्रेक को लेकर बेहद उत्साहित हैं। कुछ दिन पहले ही इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे पसंद किया जा रहा है। इस फिल्म को अब्बास-मस्तान ने निर्देशित किया है। इसमें कपिल के साथ ऐलि अवराम, मंजरी फडनिस, सिमरन कौर मुंडी, अरबाज खान और वरुण शर्मा भी दिखेंगे। 'वीनस" ने फिल्म को प्रोड्यूस किया है, जो अब्बास-मस्तान के साथ कई फिल्में बना चुके हैं।
कपिल शर्मा पिछले दिनों अपने कॉमेडी शो से गायब थे क्योंकि उन्हें इसी फिल्म की शूटिंग पर चोट लगी थी, जिसके कारण उन्हें सख्त आराम करने की सलाह दी गई थी। अब कपिल ठीक हैं और शो पर भी वापसी कर चुके हैं।
छेड़खानी से रोका तो लड़की को मार दी गोली
गाज़ियाबाद (19 अगस्त):दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बाइक सवारों ने एक लड़की को गोली मार दी है। बताया जा रहा है कि लड़की ने छेड़छाड़ कि विरोध किया था। इसके बाद उसे निशाना बनाया गया।
घटना कल देर रात की है। परिवार के मुताबिक 23 साल की पीड़ित लड़की लोनी के राजीव गार्डन के पास एक दफ्तर से लौट रही थी। तभी रास्ते में बदमाश आ गए और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
लड़की ने विरोध किया तो बेल्ट से मारा। लड़की ने पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। पीड़ित लड़की मुताबिक चार बदमाश दो बाइक पर सवार थे। लड़की का अभी जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इसके पहले की पुलिस की नींद खुलती। बदमाश लड़की को गोली मार कर फरार हो गए। गंभीर हालत में जख्मी लड़की का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि लड़की की जान को अभी भी खतरा बना हुआ है।
स्कूल में छात्रों को राष्ट्रगान गाने से रोका, विरोध
जम्मू (19 अगस्त): जम्मू-कश्मीर के डोडा में छात्रों को सुबह की प्रार्थना के दौरान राष्ट्रगान करने से रोके जाने का आरोप है। छात्रों ने शिक्षकों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने इन छात्रों को राष्ट्रगान करने से रोका।
छात्रों ने शिक्षकों के इस आदेश को मानने से इनकार कर मंगलवार को सड़क और स्कूल में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही डोडा के डेप्युटी कमिश्नर के कार्यालय के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया। मामला जिले के एक हायर सेकेंड्री स्कूल का बताया जा रहा है जहां शिक्षकों ने कथित तौर पर छात्रों को राष्ट्रगान करने से मना किया है।
विरोध कर रहे छात्रों ने इन शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
बॉलिवुड में आखिर अभिषेक बच्चन का फोन कोई क्यों नहीं उठाता है
मुंबई(19 अगस्त): अगर आपको लगता है अमिताभ बच्चन जैसे सुपरस्टार का बेटा होना ही सब कुछ है तो ठहर जाइए ऐसा नहीं है। अभिषेक बच्चन की कहानी कुछ और ही बयां करती है। ये हमेशा अच्छा होता है कि असफलता को पीछे छोड़ते हुए भविष्य के बारे में सकरात्मक रहे। अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन ऐसा ही कर रहे हैं, लेकिन इसका नुकसान भी है पता है क्या।
बॉलिवुडलाइफ डॉट कॉम साइट के अनुसार अभिषेक बच्चन ने कहा कि अगर आप लगातार फ्लॉप फिल्म करते रहेंगे तो लोग आपका फोन उठाना बंद कर देंगे। इसमें ये भी नहीं देखा जाता है आप किसके बेटे हैं। उन्होंने आगे कहा कि लोग एक फिल्म बनाने के लिए बहुत पैसा लगाते है, कोई भी एक्टर ये नहीं चाहता कि उसकी फिल्म फ्लॉप हो। हम पूरे जीजान से फिल्म को बनाते है लेकिन बाद में ये बताया जाता है कि ये उतनी अच्छी नहीं थी। जो हम लोगों को तोड़ देती है।
वहीं अपने करियर पर बात करते हुए जूनियर बी ने कहा कि किसी भी एक्टर के लिए सबसे बड़ा चैलेंज तब होता है जब उसकी फिल्म फ्लॉप हो जाए और एक बार फिर वापसी के लिए तैयार रहे। धरती पर ये सबसे खराब चीज है। इंसान के तौर पर ये चीज तोड़ देती है। किसी भी इंसान को एक नई ताकत चाहिए होती है जिससे की वो अगली सुबह उठ सके औऱ दुनिया का सामना कर सके।
चलिए कोई नहीं अभिषेक हम उम्मीद करते हैं कि आपकी फिल्म 'ऑल इज वेल' बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हो।
मुलायम सिंह यादव ने रेप को लेकर दिया विवादास्पद बयान
लखनऊ(19 अगस्त): गाजियाबाद में छेड़छाड़ का विरोध करने पर गोली मारी गई। लेकिन सूबे की सरकार की पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने रेप पर विवादित बयान दिया है। मुलायम सिंह ने कहा है कि रेप जैसे मामलों में रेप एक करता है लेकिन केस तीन लोगों पर होते हैं।
लखनऊ के लोहिया पार्क में सरकारी कार्यक्रम में पहुंचे मुलायम ने संबोधन देना शुरू किया। हमेशा की तरह इस बार सरकार की आलोचना के बजाए तारीफ़ों के कसीदे पढ़ने लगे। यहां तक तो सब कुछ ठीक था, लेकिन इसके बाद मुलायाम सिंह ने कहा कि बलात्कार एक करता है, फंसा कई को दिया जाता है।
यूपी में क़ानून व्यवस्था का बुरा हाल जग ज़ाहिर है। कहीं किसी महिला को बलात्कार का शिकार बनाकर हत्या करने के बाद कुंए में फेंक दिया जाता है। कहीं खुलेआम छेड़छाड़ होती है तो कहीं पुलिस थानों में ही महिलाएं महफूज़ नहीं। लेकिन मुलायम इस बदनुमा तस्वीर को आंकड़ों की बाज़ीगरी में उलझाकर निपटाना चाह रहे हैं।
मुलायम ने महिलाओं को लेकर इस तरह की सोच पहली बार नहीं ज़ाहिर की। इससे पहले भी वो कई बार इसी तरह बलात्कार के मसले को उपहास का ज़रिया बनाते रहे हैं।