Monday, 2 November 2015

महिला ने साड़ी में छुपाकर चुराया सोने का सेट

सनी आर्य, नई दिल्ली (2 नवंबर): दिल्ली में दिवाली की तैयारी में दुकानें सज चुकी हैं। त्योहारों में खरीदारी के बीच चोरों का गैंग भी सक्रीय है। दिल्ली बिंदापुर में कई ग्राहकों और दुकान में मौजूद स्टाफ की नजरों के सामने भी दो महिलाओं ने चोरी की वारदात का अंजाम दिया।
दुकान में कैमरा ना लगा होता तो शायद ही पता चलता कि आखिर इस दुकान से सोने का एक महंगा सेट कैसे गायब हो गया। दिल्ली के इस ज्वैलर्स को लूटने के लिए ये दो महिलाएं आम ग्राहकों की तरह ही पहुंची थीं। दोनों ने दुकान में मौजूद महिला से सोने के महंगे सेट दिखाने को कहा। दोनों महिलाओं के सामने सोने के कई महंगे सेट रख दिए गए। तभी एक महिला एक डिब्बे को बंद कर दूसरा डिब्बा उसके ऊपर रख देती है।
दूसरी महिला इस दौरान लगातार दुकान की स्टाफ से बात कर रही थी। एक बंद डिब्बे के ऊपर दूसरा डिब्बा रखकर महिला उसे अपने पैरों पर रख लेती है। इस दौरान दूसरी महिला एक और सेट निकालने को कहती है। बड़े डिब्बे के नीचे आते ही वो पहले से हाथों में मौजूद दो डिब्बों में से एक को ऊपर रख देती है लेकिन उस डिब्बे के नीचे मौजूद डिब्बे को साड़ी में छिपा लेती है।
चंद सेकेंड में सोने के सेट का एक डिब्बा महिला के हाथों से पैरों तक पहुंचता है और फिर उसे साड़ी में छिपा लिया जाता है। डिब्बा छिपाने के बाद भी दोनों महिलाएं दुकानदार को अपनी बातों में उलझाए रखती हैं और एक सेट पसंद आने की बात कह कर कुछ पैसे एडवांस कर देती हैं। दुकानदार को तसल्ली हो जाती है कि कई गहने देखने के बाद आखिरकार एक सेट महिलाओं ने पसंद कर ली है और वो कुछ देर में बाकी पैसे देकर उसे ले जाएगी।
दुकान में चोरी का खुलासा होने के बाद पुलिस को खबर दी गई। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे से महिलाओं का हुलिया तो मिल गया है लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं।

0 comments:

Post a Comment