नई दिल्ली (6 अगस्त): स्वतंत्रता दिवस पर इस साल सरकारी बाबू छुट्टी मनाने दिल्ली से बाहर नहीं जा सकेंगे। सरकार ने लालकिले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में सभी आमंत्रित अधिकारियों को हर हाल में उपस्थित रहने के लिए कहा है। उन्हें आगाह किया गया है कि अगर इस निर्देश का पालन नहीं किया गया तो उनकी गैर मौजूदगी पर 'गंभीर रुख' अपनाया जाएगा।
हर साल 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकिले पर ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कैबिनेट सचिव प्रदीप कुमार सिन्हा ने केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों में सूचना जारी कर कहा है, ''राष्ट्रीय कार्यक्रम के महत्व को समझते हुए जिसमें प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करते हैं, सभी अधिकारियों से उम्मीद की जा रही है कि जिन्हें भी निमंत्रण दिया गया है, आयोजन में मौजूद होंगे।''
स्वतंत्रता दिवस के आयोजन में कई बार आमंत्रित अधिकारियों की मौजूदगी कम रही, इसको लेकर सूचना में गौर किया गया है। सूचना में कहा गया है, ''अवसर के बड़े राष्ट्रीय महत्व को देखते हुए यह अस्वीकार्य है। इसलिए साफ तौर पर अधिकारियों को याद दिलाना जरूरी है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उपस्थित रहना उनकी ड्यूटी है।''
सचिवों को उनके तहत आने वाले उन सभी अधिकारियों को निर्देश देने के लिए कहा गया है। जिन्हें कार्यक्रम में उपस्थित रहने के लिए आमंत्रित किया गया है।
प्रदीप कुमार सिन्हा ने कहा, ''आप उनको सावधान कर सकते हैं, कि उनकी अवसर पर गैरमौजूदगी पर गंभीर रुख अपनाया जाएगा।''
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कैबिनेट सचिव के निर्देश के चलते कुछ मंत्रालयों ने अपने अधिकारियों को कार्यक्रम में मौजूद रहने के निर्देश जारी करना शुरू कर दिया है।








0 comments:
Post a Comment